SONBADHR NEWS: साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत साइबर क्राइम पुलिस थाना सोनभद्र की टीम ने 31 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले का सफल अनावरण करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। साइबर क्राइम पुलिस थाना पर ओबरा निवासी शिव कुमार पुत्र सरदारी मोची ने शिकायती प्रार्थना पत्र दिया था। वादी का आरोप था कि WhatsApp नंबर 7970502025 से एक अज्ञात व्यक्ति ने उनके मोबाइल नंबर 9451636644 पर कॉल कर स्क्रीन शेयर के माध्यम से मोबाइल हैक कर लिया और कई बार में कुल 31 लाख रुपये की साइबर ठगी कर ली। इस शिकायत पर थाना स्थानीय पर मु0अ0सं0- 06/2025 धारा 66D IT Act के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया था। विवेचना के दौरान धारा 318(4), 336(3), 338, 340(2) BNS की धाराएं भी बढ़ाई गईं। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के निर्देश और अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय व क्षेत्राधिकारी साइबर के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने 12.08.2026 को कार्रवाई करते हुए आरोपी मनीष कुमार शाह पुत्र उपेन्द्र शाह निवासी मिर्जा चौकी, थाना साहेबगंज, जनपद साहेबगंज, झारखंड और रूपक कुमार पुत्र अरुण कुमार निवासी गोपडीह बांका थाना चन्दना झारखंड को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 10 मोबाइल, 1 WiFi राउटर, 4 सिम कार्ड और 53,000 रुपये नकद बरामद किया गया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार चौधरी, उ0नि0 आशीष कुमार पटेल, हे0का0 संजय वर्मा, हे0का0 शिवनन्दन सिंह, का0 अभिषेक तिवारी और का0 सुनील कुमार रावत शामिल रहे।पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अज्ञात नंबर से आए कॉल पर स्क्रीन शेयर न करें और साइबर ठगी की सूचना तुरंत 1930 या नजदीकी साइबर थाने पर दें।







