पीस कमेटी की बैठक सम्पन्न
FATEHPUR NEWS: आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु, जनप्रतिनिधि, संभ्रांत नागरिक एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने सभी जनपदवासियों से आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ताजिया जुलूसों के पारंपरिक मार्गों का सर्वे कराया जाए तथा कहीं भी नई परंपरा शुरू न होने पाए। उन्होंने कहा कि जुलूस केवल निर्धारित एवं परंपरागत मार्गों से ही निकाले जाएं। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारियों और पुलिस क्षेत्राधिकारियों को जुलूस मार्गों पर ढीले बिजली के तार, जर्जर पोल एवं अन्य बाधाओं को समय रहते दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। साथ ही अधीक्षण अभियंता विद्युत को त्योहार के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से पूरी करने को कहा। उन्होंने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, मोबाइल शौचालय तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी संबंधित विभागों को दिए। जुलूस मार्गों पर अतिक्रमण एवं कूड़े के ढेर तत्काल हटाने के लिए भी कहा गया। जिलाधिकारी ने ताजियों की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने पर जोर देते हुए ताजिया निर्माताओं को भी आवश्यक निर्देश देने की बात कही। बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने या माहौल खराब करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को त्योहार से संबंधित सभी तैयारियां समय से पूरी करने तथा अपने दायित्वों का संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने कहा कि मुहर्रम को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस विभाग द्वारा आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा आवश्यकतानुसार पुलिस बल की तैनाती की गई है। उन्होंने बताया कि सभी थानों को पीस कमेटी की बैठकें आयोजित कर स्थानीय स्तर पर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर निकाय, जिला पूर्ति अधिकारी, अधीक्षण अभियंता विद्युत सहित विभिन्न तहसीलों से आए धर्मगुरु एवं संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।







