Home उत्तर प्रदेश तहसीलदार सिराथू का एक्शन मोड, 16 ओवरलोड बालू वाहनों पर गिरी गाज

तहसीलदार सिराथू का एक्शन मोड, 16 ओवरलोड बालू वाहनों पर गिरी गाज

KAUSHAMBI NEWS: तहसीलदार सिराथू सिद्धांत कुमार की अगुवाई में सोमवार को एक बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई से ओवरलोड बालू परिवहन करने वालों में हड़कंप मच गया। राजस्व विभाग की सतर्क निगरानी के दौरान सिराथू तहसील क्षेत्र के सयारा रोड पर 12 और सैनी चौराहे के पास 4 ओवरलोड बालू लदे वाहन पकड़े गए। एक साथ 16 वाहनों के पकड़े जाने की खबर क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही।कार्रवाई के दौरान तहसीलदार सिराथू सिद्धांत कुमार स्वयं मौके पर डटे रहे। उनके साथ नायब तहसीलदार अतुल कुमार तथा विनय कुमार सिंह भी मौजूद रहे। जांच में वाहनों में निर्धारित मानकों से अधिक बालू लदा पाया गया, जिसके बाद तत्काल उन्हें रोककर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई।मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार ने मौके पर ही आरटीओ एवं खनन विभाग के अधिकारियों को बुलाया। संबंधित विभागों ने वाहनों के दस्तावेज, परमिट और खनिज परिवहन से जुड़े अभिलेखों की गहन जांच की। प्रशासन की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से नियमों की अनदेखी कर ओवरलोडिंग करने वालों में खलबली मच गई। लोगों ने तहसीलदार सिराथू की सक्रियता और सख्त कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि लंबे समय बाद ओवरलोडिंग के खिलाफ इतनी प्रभावी कार्रवाई देखने को मिली है। लोगों का मानना है कि ऐसी कार्रवाइयों से न केवल सरकारी राजस्व की सुरक्षा होगी बल्कि सड़कों को होने वाले नुकसान और दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।तहसीलदार सिराथू सिद्धांत कुमार की इस कार्रवाई ने साफ संदेश दे दिया है कि प्रशासन कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है और जनहित के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी ।