FATEHPUR NEWS: विकास खंड विजयीपुर परिसर में बहुविभागीय जनसेवा एवं जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया गया।
शिविर में राजकीय कृषि बीज भंडार, बेसिक शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, खाद्य एवं रसद विभाग, समाज कल्याण विभाग, पशुपालन विभाग, लघु सिंचाई विभाग, आयुष्मान भारत स्वास्थ्य मेला, आयुष हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर तथा बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग सहित विभिन्न विभागों ने भागीदारी की। इसके अलावा व्यक्तिगत शौचालय, सोलर जागरूकता अभियान, निशुल्क होमियोपैथिक चिकित्सा शिविर एवं विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन से संबंधित स्टॉल भी लगाए गए। विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने लोगों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा मिलने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी दी। शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण, आयुष्मान कार्ड, कृषि संबंधी तकनीकी सलाह, स्वरोजगार, पोषण, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा एवं स्वच्छता से जुड़ी योजनाओं के प्रति विशेष रूप से जागरूक किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण भी किया गया तथा उन्हें योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। अधिकारियों ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप ऐसे जनसेवा शिविरों का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने ग्रामीणों से अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ उठाने और जागरूकता कार्यक्रमों में भाग लेने की अपील की।







