Home उत्तर प्रदेश महिला ने दबंगों पर मारपीट, अभद्रता और जान से मारने की धमकी...

महिला ने दबंगों पर मारपीट, अभद्रता और जान से मारने की धमकी का लगाया आरोप

जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर एफआईआर दर्ज कराने की मांग
FATEHPUR NEWS: थाना सुल्तानपुर घोष क्षेत्र के ग्राम एकौनागढ़ निवासी ऊषा देवी पत्नी लखन लाल ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर गांव के कुछ लोगों पर मारपीट, अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले में एफआईआर दर्ज कराकर आरोपितों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है। शिकायती पत्र में ऊषा देवी ने बताया कि उनका एक वाद अमर सिंह आदि बनाम बीरेन्द्र पाल आदि उप संचालक चकबंदी (डीडीसी) न्यायालय, फतेहपुर में विचाराधीन है। आरोप है कि मुकदमे के विपक्षी दिनेश पुत्र अमर सिंह, अमर सिंह पुत्र विजय सिंह, पृथ्वी पुत्र विजय सिंह, पप्पू पुत्र अर्जुन, कल्लू पुत्र गोपाल, भोला पुत्र रामा और धर्मेंद्र पुत्र चन्द्रभान सहित अन्य लोग उन पर मुकदमे में समझौता करने का दबाव बना रहे हैं। पीड़िता के अनुसार, समझौता न करने पर आरोपी उन्हें लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि 19 जून 2026 को दोपहर लगभग एक बजे दिनेश पुत्र अमर सिंह ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ अभद्रता की, उनका ब्लाउज फाड़ दिया और लाठी-डंडों से मारपीट की। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी धमकी देते हुए वहां से चले गए। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के दौरान उनकी पुत्री प्रतीक्षा और पुत्र हर्ष मौके पर मौजूद थे तथा आरोपियों ने उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी। ऊषा देवी का कहना है कि घटना के बाद उन्होंने डायल 112 पर सूचना दी, लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। इसके बाद जब वह थाना सुल्तानपुर घोष शिकायत दर्ज कराने पहुंचीं तो वहां मौजूद पुलिसकर्मी ने उन्हें थाने से भगा दिया। पीड़िता ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपितों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने और उन्हें सुरक्षा प्रदान किए जाने की मांग की है।