FATEHPUR NEWS: समाजवादी पार्टी की फतेहपुर इकाई ने शनिवार को जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौंपकर केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार की नीतियों पर गंभीर सवाल उठाए। पार्टी नेताओं ने महंगाई, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था, किसानों की समस्याओं, प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं तथा कथित राजनीतिक उत्पीड़न जैसे मुद्दों पर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों के कारण देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिससे आम जनता और किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पार्टी नेताओं का कहना है कि पेट्रोल, डीजल, एलपीजी, खाद, उर्वरक और बीजों की कीमतों में लगातार वृद्धि से किसानों की लागत बढ़ी है और कृषि क्षेत्र संकट का सामना कर रहा है। ज्ञापन में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाने की मांग की गई। साथ ही निरस्त की गई परीक्षाओं के अभ्यर्थियों को यात्रा और आवास भत्ता देने की भी मांग उठाई गई। समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर चिंता जताते हुए प्रभावी रोकथाम की मांग की। इसके अलावा राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ धर्म और जाति के आधार पर फर्जी मुकदमे दर्ज कराने, कथित फर्जी मुठभेड़ों और बुलडोजर कार्रवाई की न्यायिक जांच कराने की मांग भी ज्ञापन में शामिल की गई। पार्टी ने प्रदेश में बंद किए गए विद्यालयों को पुनः संचालित करने, पिछड़े वर्गों, अनुसूचित जातियों और जनजातियों के आरक्षण से संबंधित मामलों की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा किसानों को पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने की मांग भी की। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश सचिव अब्दुल राफ़े ने सरकार के विरुद्ध बोलते हुए कहा कि वर्तमान की भाजपा सरकार जनता विरोधी है और आये दिन इनका कोई न कोई कारनामा सबके सामने आता है, इसीलिए राष्ट्रपति के नाम 10 सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से भेजा गया और यदि हमारी इस प्रदेशव्यापी मांग को नजर अंदाज किया गया तो पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के आह्वाहन पर बड़ा प्रदर्शन किया जायेगा। इसी तरह से सपा जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र प्रताप सिंह, सपा नेत्री एवं हुसैनगंज विधायक उषा मौर्या सहित अन्य नेताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। इस दौरान सपा के विभिन्न पदाधिकारियों सहित सपा समर्थक लोग भी मौजूद रहे।







