Home उत्तर प्रदेश महिला दुकानदार से लूटपाट, मारपीट, पीड़िता ने डीसीपी से लगाई गुहार

महिला दुकानदार से लूटपाट, मारपीट, पीड़िता ने डीसीपी से लगाई गुहार

PRAYAGRAJ/NAWABGANJ NEWS: थाना क्षेत्र के लालगोपालगंज अंतर्गत लाला का पूरा हाईवे अंडरपास के पास चाय नाश्ता की दुकान चलाने वाली महिला के साथ दबंगों ने लूटपाट किया। विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट की गई। थाने में सुनवाई न होने पर पीड़िता ने मुख्यमंत्री पोर्टल व डीसीपी गंगानगर से न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस के आला अधिकारी ने जांच के निर्देश दिए हैं। पीड़िता रीता देवी पत्नी अशोक पटेल निवासी ग्राम दुधिया, लालगोपालगंज थाना नवाबगंज, हाईवे अंडरपास लाला का पूरा गांव के पास चाय-नाश्ता एवं पान-मसाले की दुकान चलाती हैं। आरोप है कि 23 जून की रात करीब 10 बजे वह अपनी दुकान पर थीं। इसी दौरान पास में ही सब्जी की दुकान लगाने वाले प्रतापगढ़ जनपद के थाना हथिगवां, ग्राम मस्तापुर निवासी राधेश्याम पटेल, अदालती पटेल पुत्रगण स्व. शिवमंगल एवं उनकी मां दुकान पर आए और सामान मांगने लगे। जब रीता देवी सामान देने में व्यस्त हो गईं तभी आरोपियों ने मौका पाकर दुकान के गल्ले से बिक्री के पैसे चोरी कर लिया। जब महिला ने शोर मचाया और आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की तो उन्होंने रीता देवी के पति के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर जब आस-पास के लोग बीच-बचाव करने पहुंचे। दबंगों ने उनके साथ भी मारपीट किया। आरोप है कि इस आपाधापी में आरोपियों ने महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र लूट निकाल लिया और बीच-बचाव करने आए एक अन्य व्यक्ति के भी चार हजार रुपए गायब हो गए। घटना के बाद पीड़िता न्याय के लिए लालगोपालगंज चौकी फिर नवाबगंज थाना पहुंची, लेकिन वहां उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई। थक-हारकर महिला ने आईजीआरएसक के माध्यम से मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद सोमवार को पीड़िता ने डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत के समक्ष उपस्थित होकर न्याय की गुहार लगाई। अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस को जांच सौंपकर उचित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।