Home आस्था श्रृंगवेरपुर धाम में ज्येष्ठ पूर्णिमा पर उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों ने...

श्रृंगवेरपुर धाम में ज्येष्ठ पूर्णिमा पर उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों ने लगाई डुबकी

चौकी इंचार्ज ने हमराहियों संग मुस्तैदी से संपन्न कराया मेला, सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद।
PRAYAG NEWS: ऐतिहासिक व पौराणिक तीर्थ स्थल श्रृंगवेरपुर धाम में ज्येष्ठ पूर्णिमा के अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं ने मां भगवती गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। ब्रह्ममुहूर्त से ही हर-हर गंगे के जयघोष के साथ शुरू हुआ स्नान का सिलसिला पूरे दिन चलता रहा। श्रद्धालुओं ने स्नान के बाद विभिन्न मंदिरों में विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना किया। ज्येष्ठ पूर्णिमा पर्व पर श्रृंगवेरपुर स्थित श्रीराम घाट, रामचौरा घाट, विद्यार्थी घाट, पिपरी घाट, सीताकुंड आदि गंगा घाटों पर सुबह से ही जनसैलाब उमड़ पड़ा। चिलचिलाती धूप और गर्मी के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। मां गंगा में डुबकी लगाने के बाद आस्थावानों ने वीरासन पर विराजमान प्रभु श्रीराम, माता सीता एवं श्रृंगी ऋषि- मां शांता के मंदिर में पूजा-अर्चना किया। मेले में भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। श्रृंगवेरपुर चौकी इंचार्ज कुमार भान सिंह ने अपने हमराहियों के साथ घाटों पर मुस्तैद रहकर पूरे मेले को सकुशल व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया। इस दौरान व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से चलाने में स्थानीय ग्राम प्रधान रामचंद्र फौजी, अजय द्विवेदी, आकाश गुप्ता, शिवांश पांडेय, राहुल सरोज, मुन्ना सोनी, सुरेश सरोज आदि लोग प्रमुख रूप से मौजूद रहे और प्रशासन का सहयोग किया। इसके अलावा भीषण गर्मी से राहत देने के लिए हनुमंत उपासना सेवा न्यास की ओर से शीतल शरबत की व्यवस्था की गई थी।
श्रृंगवेरपुर में किए गए पुंयकार्य से प्राप्त होती अक्षयफल
श्रृंगवेरपुर धाम के आचार्य जगमोहन उर्फ मोछा पांडेय ने बताया कि शास्त्रों में ज्येष्ठ पूर्णिमा का विशेष महत्व है। इसी पावन तिथि पर जगन्नाथ पुरी में भगवान जगन्नाथ का महास्नान उत्सव मनाया जाता है। इस दिन मां गंगा में स्नान और दान करने से मनुष्य के सभी कायिक, वाचिक तथा मानसिक पापों का नाश होता है। श्रृंगवेरपुर की इस पावन तपोभूमि पर किया गया पुंयकार्य अक्षय फल प्रदान करता है।