Home उत्तर प्रदेश बस स्टैंड उपद्रव पर होगी मजिस्ट्रियल जांच

बस स्टैंड उपद्रव पर होगी मजिस्ट्रियल जांच

डीएम ने एडीएम को सौंपी जिम्मेदारी, जनता से मांगे गए साक्ष्य

JALAUN NEWS: हाल ही में बस स्टैंड पर हुई मारपीट, बवाल और आगजनी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। इस जांच की जिम्मेदारी अपर जिलाधिकारी (एडीएम) संजय कुमार को सौंपी गई है। एडीएम ने सार्वजनिक सूचना जारी कर आमजन से अपील की है कि यदि किसी के पास इस घटना से संबंधित कोई वीडियो, फोटो या प्रत्यक्षदर्शी बयान जैसे साक्ष्य हों तो वह लिखित अथवा मौखिक रूप में उनके कार्यालय में प्रस्तुत कर सकता है। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया है कि जानकारी देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। गौरतलब है कि 30 अगस्त को बस स्टैंड क्षेत्र में तीन बड़ी घटनाएं सामने आई थीं— युवती का वीडियो बनाने पर बवाल, बस में सवारी बैठाने को लेकर दो पक्षों में मारपीट और आगजनी, तथा मौके पर पहुंची पुलिस रिस्पांस व्हीकल द्वारा कोई कार्रवाई न करने की बात। इन घटनाओं ने पूरे शहर में तनाव का माहौल बना दिया था और आशंका जताई गई थी कि कुछ असामाजिक तत्व मामले को सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश कर रहे हैं। डीएम ने आदेश संख्या 736/18-जे.ए. दिनांक 30 अगस्त 2025 के तहत जांच कर हर पहलू को सामने लाने के निर्देश दिए हैं। जांच में यह भी देखा जाएगा कि पुलिस और प्रशासनिक तंत्र की ओर से कहीं लापरवाही तो नहीं बरती गई।