JHANSI NEWS: देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर झांसी के मढ़िया महादेव मंदिर में रुद्राभिषेक, भजन एवं धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर सदर विधायक रवि शर्मा एवं भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सिंह की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में भगवान शिव का विधि-विधान से रुद्राभिषेक किया गया तथा भजन-कीर्तन के माध्यम से देश की उन्नति, समृद्धि और जनकल्याण की कामना की गई।
कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। उपस्थित जनों ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की विकास यात्रा की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। हर-हर महादेव के जयघोष के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।







