Home उत्तर प्रदेश जेडीए से आरक्षित भूमि पर अवैध निर्माण का आरोप, कार्रवाई की मांग

जेडीए से आरक्षित भूमि पर अवैध निर्माण का आरोप, कार्रवाई की मांग

JHANSI NEWS: वरिष्ठ अधिवक्ता बी.एल. भास्कर ने झांसी विकास प्राधिकरण (जेडीए) के सचिव/उपाध्यक्ष को शिकायती पत्र देकर मौजा लिहरगिर्द, सीपरी बाजार स्थित पहूज नदी के समीप आरक्षित भूमि पर हुए कथित अवैध निर्माण की जांच और कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में कहा गया है कि संबंधित भूमि झांसी महानगर योजना में मनोरंजन सुविधाओं एवं क्षेत्रीय पार्क के लिए आरक्षित है। प्रार्थी का आरोप है कि उक्त भूमि पर बिना स्वीकृत नक्शे के बड़े पैमाने पर निर्माण कार्य किया गया। उन्होंने दावा किया कि इस संबंध में पूर्व में जिलाधिकारी, नगर निगम और जेडीए सहित विभिन्न अधिकारियों को शिकायतें दी गई थीं तथा निर्माण कार्य रोकने के निर्देश भी दिए गए थे, इसके बावजूद निर्माण जारी रहा। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि संबंधित अधिकारियों की अनदेखी के कारण आरक्षित भूमि पर निर्माण पूरा हो गया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध निर्माण को ध्वस्त करने तथा दोषियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।