PRAYAGRAJ NEWS: बारा तिराहे से कुड़ी गौहानी की ओर जाने वाली मुख्य सड़क पर पिपराव ग्रामसभा के मोजरा गांव के पास स्थित नाले की पुलिया भारी बारिश के चलते ध्वस्त हो चुकी है। पुलिया की जर्जर हालत के चलते सड़क किसी भी समय बैठ सकती है, जिससे राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। स्थानीय निवासी नरेंद्र कुमार बिंद, सुधीर कुमार, राजकरन, विधायक विजय कुमार और मानसिंह ने बताया कि उन्होंने इस गंभीर समस्या की सूचना कई बार अधिकारियों को दी है। समाधान दिवस पर भी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया गया, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई, तो यह मार्ग पूरी तरह से बाधित हो सकता है और किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बारिश का मौसम देखते हुए जल्द से जल्द पुलिया की मरम्मत कराई जाए, ताकि आवागमन सुचारु रूप से चलता रहे और कोई जनहानि न हो।





