Home उत्तर प्रदेश न्याय यात्रा समाज में जागरूकता लाने का सशक्त माध्यम : वीरेंद्र सिंह

न्याय यात्रा समाज में जागरूकता लाने का सशक्त माध्यम : वीरेंद्र सिंह

सरदार पटेल स्वाभिमान रथ एवं न्याय यात्रा को मिल रहा जनसमर्थन, सामाजिक न्याय का दिया जा रहा संदेश
FATEHPUR NEWS: जनहित संकल्प पार्टी द्वारा प्रदेशभर में निकाली जा रही सरदार पटेल स्वाभिमान रथ एवं न्याय यात्रा को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में उत्साह का माहौल है। पार्टी के बिंदकी प्रभारी एवं भामाशाह एडवोकेट वीरेंद्र सिंह ने कहा कि यह यात्रा सामाजिक न्याय, स्वाभिमान और जनजागरण का संदेश लेकर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में पहुंच रही है। उन्होंने बताया कि हाल ही में मिर्जापुर जनपद के चुनार विधानसभा क्षेत्र में आयोजित न्याय यात्रा को व्यापक जनसमर्थन प्राप्त हुआ। बड़ी संख्या में लोगों ने यात्रा में शामिल होकर सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर अपनी भागीदारी दर्ज कराई। वीरेंद्र सिंह ने कहा कि यात्रा के माध्यम से समाज में बढ़ रहे अत्याचार, महिला उत्पीड़न, बेरोजगारी तथा जनहित से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसी यात्राएं समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ-साथ नागरिकों को उनके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति सजग बनाने का कार्य करती हैं। उन्होंने कहा कि जनहित संकल्प पार्टी सामाजिक न्याय और संवैधानिक मूल्यों की स्थापना के लिए निरंतर प्रयासरत है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. आर.एस. पटेल के नेतृत्व की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि उनके निर्देशन में संचालित न्याय यात्रा प्रदेश में जनजागरण और व्यवस्था परिवर्तन का प्रभावी माध्यम बन रही है। वीरेंद्र सिंह ने दावा किया कि पार्टी के इस अभियान को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है और आने वाले समय में यह यात्रा प्रदेश की राजनीति में एक सकारात्मक विकल्प के रूप में अपनी अलग पहचान स्थापित करेगी। अंत में उन्होंने न्याय यात्रा से जुड़े सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों को बधाई देते हुए अभियान की सफलता की कामना की तथा समाज के सभी वर्गों से इसमें सक्रिय भागीदारी की अपील की।