Home उत्तर प्रदेश नेवरिया गांव मे 19 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत

नेवरिया गांव मे 19 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत

शंकरगढ़ थाना  क्षेत्र में घर से 20 मीटर दूर मिला युवक का शव, परिजनों ने हत्याकी आशंका’
PRAYAGRAJ NEWS: शंकरगढ़ थाना के नेवरिया गांव में सोमवार सुबह 19 वर्षीय युवक का शव घर से कुछ दूरी पर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। युवक की पहचान विनय सिंह पुत्र युगासेन सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है। परिजनों ने मामले में हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की गहन जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार विनय सिंह रविवार रात भोजन करने के बाद रोज की तरह घर के बाहर चारपाई पर सोने चला गया था। परिजनों का कहना है कि देर रात तक सब कुछ सामान्य था। सोमवार तड़के जब घर के लोग उठे तो विनयअपनी चारपाई पर नहीं दिखाई दिया। खोजबीन करने पर उसका शव घर से लगभग 20 मीटर दूर जमीन पर पड़ा मिला। युवक अचेत अवस्था में था और उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक विनय सिंह दो भाइयों में छोटा था और प्रयागराज स्थित वात्सल्य अस्पताल में ओटी डिपार्टमेंट में कार्यरत था। थाना प्रभारी शंकरगढ़ सुशील कुमार दुबे ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है और किसी भी बिंदु को नजरअंदाज नहींकिया जा रहा है। वहीं सहायक पुलिस आयुक्त बारा वेदव्यास मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। जांच में यह सामने आया कि युवक रात में घर के बाहर सो रहा था और सुबह उसका शव कुछ दूरी पर मिला। परिजनों द्वारा अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है। पुलिस आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है और जल्द ही घटना के कारणों का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।गांव के लोग भी इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। युवक की संदिग्ध मौत ने इलाके में भय की स्थिति पैदा कर दी है।