विभिन्न स्थानों पर लगे शर्बत वितरण शिविर, श्रद्धालुओं और राहगीरों को कराया जलपान
FATEHPUR NEWS: निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में समाजसेवियों द्वारा शर्बत वितरण कर पुण्य अर्जित किया गया। भीषण गर्मी के बीच राहगीरों, श्रद्धालुओं एवं आमजन को शीतल शर्बत पिलाकर सेवा भाव का परिचय दिया गया। तपस्वी नगर के समीप स्थित उमाशंकर गुप्ता राइस मिल परिसर में दयाशंकर गुप्ता भगत के संयोजन में शर्बत वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में राहगीरों को शर्बत पिलाया गया। कार्यक्रम में रामपाल गुप्ता, सुरेश गुप्ता, बच्चा तिवारी, मनोज शुक्ला, मनीष गुप्ता, मनोज गुप्ता, दीपू सिंह ठाकुर, अजय मौर्य, मनोज द्विवेदी, रामचंद्र, हरिराम, सभासद बबलू अढ़तिया सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। वहीं सिद्धपीठ तामेश्वर मंदिर परिसर में राधानगर चंदौली पुलिया निवासी ओमप्रकाश तिवारी द्वारा शर्बत वितरण कराया गया। उन्होंने बताया कि वे कई वर्षों से निर्जला एकादशी के अवसर पर यह सेवा कार्य करते आ रहे हैं। इस दौरान आदित्य तिवारी, रजनी तिवारी, अमित पाल सहित अन्य लोगों ने सहयोग किया। इसके अलावा पत्थरकटा चौराहा स्थित एक्सिस बैंक के समीप अमूल आइसक्रीम के संचालक अभिलाष तिवारी द्वारा भी शर्बत वितरण शिविर लगाया गया। उन्होंने बताया कि दोपहर से लेकर देर शाम तक राहगीरों को शीतल शर्बत पिलाया जाएगा। इस अवसर पर सोनू गुप्ता एवं देवनाथ धाकड़े मौजूद रहे। निर्जला एकादशी के अवसर पर आयोजित इन सेवा कार्यों की स्थानीय लोगों ने सराहना करते हुए इसे सामाजिक सद्भाव और जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।







