ETAWA NEWS/JASWANT NAGAR: क्षेत्र के ग्राम धौलपुर खेड़ा में मंगलवार शाम एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत होने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान 30 वर्षीय शकुंतला देवी पत्नी मनीष कुमार बघेल के रूप में हुई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, शकुंतला देवी की शादी आठ साल पहले नगला गड़रियान थाना क्षेत्र सैफई से खेड़ा धौलपुर निवासी मनीष कुमार से हुई थी। उसके दो बच्चे हैं—बड़ा बेटा हर्ष (7) और छोटा विवेक (5)। बताया गया कि घटना के समय मनीष अपने बेटे हर्ष को दवा दिलाने के लिए गया हुआ था और शकुंतला घर पर अकेली थी। जब मनीष लौटा तो शकुंतला घर के जानवर बांधने वाले घेरे में बेहोश मिली। आनन-फानन में उसे स्थानीय डॉक्टर के पास ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मायके पक्ष के लोग नगला गड़रियान से मौके पर पहुंच गए। मृतका के भाई विजय प्रताप ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। सीओ आयुषी सिंह ने बताया कि यह मामला संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण का खुलासा हो सकेगा।घटना की बारीकी से जांच की जा रही है।





