Home उत्तर प्रदेश तीन मंजिला मकान में भीषण आग, परिवार ने छत से कूदकर बचाई...

तीन मंजिला मकान में भीषण आग, परिवार ने छत से कूदकर बचाई जान

JHANSI NEWS: कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्वालियर रोड स्थित सिद्धेश्वर मंदिर के पास शुक्रवार देर रात एक तीन मंजिला मकान में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में दुकान, कार्यालय और मकान का बड़ा हिस्सा आ गया, जिससे लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। वहीं ऊपरी मंजिल पर सो रहे परिवार के सदस्यों ने पड़ोसी की छत पर कूदकर अपनी जान बचाई। जानकारी के अनुसार ग्वालियर रोड निवासी हरिकृष्ण मुखरिया की गाड़ी व्हील रिपेयरिंग की दुकान है, जिसके ऊपर दो मंजिला मकान और बगल में कार्यालय संचालित है। देर रात बेसमेंट से धुआं निकलने के बाद अचानक आग भड़क गई और देखते ही देखते दुकान, कार्यालय व मकान तक फैल गई। आग की लपटें देखकर ऊपरी मंजिल पर सो रहे परिवार के सदस्य घबरा गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह परिवार के लोगों को पड़ोसी की छत के रास्ते सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दुकान में रखे टायर, रिपेयरिंग का सामान, कार्यालय का सामान तथा बेसमेंट में खड़ी एक गाड़ी जलकर नष्ट हो चुकी थी। पीड़ित हरिकृष्ण मुखरिया ने बताया कि आग से करीब 25 से 30 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने आशंका जताई कि बेसमेंट में चार्जिंग पर लगी ओला इलेक्ट्रिक गाड़ी में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी हो सकती है। पुलिस मामले की जांच कर रही है.