व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश
FATEHPUR NEWS: जनपद में प्रशासनिक व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से शनिवार को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने थाना हुसैनगंज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने थाना परिसर की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीएम व एसपी ने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव, मालखाना, हवालात तथा अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अभिलेखों का अवलोकन करते हुए उन्हें अद्यतन एवं सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। साथ ही थाना परिसर में स्वच्छता बनाए रखने और व्यवस्थाओं को बेहतर करने पर विशेष जोर दिया। इसके बाद अधिकारियों ने थाना समाधान दिवस में पहुंचे फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी न हो। जिलाधिकारी ने कहा कि जनसुनवाई के दौरान आने वाली शिकायतों का समयबद्ध समाधान करना प्रशासन की प्राथमिकता है। वहीं पुलिस अधीक्षक ने थाना स्टाफ को निर्देश दिए कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार करें और हर शिकायत को गंभीरता से लेकर कार्रवाई करें। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सदर, थाना प्रभारी, राजस्व लेखपाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।





