JHANSI NEWS: सामाजिक संस्था सनशाइन क्लब झांसी द्वारा जिला कारागार में बंदियों से मिलने आने वाले आगंतुकों की सुविधा के लिए शीतल जल सेवा केंद्र स्थापित कर उसे जनसेवा के लिए समर्पित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन क्लब अध्यक्ष अनूप बिंदल की अध्यक्षता में हुआ। मुख्य अतिथि प्रमुख जेल अधीक्षक विनोद कुमार सोनी तथा विशिष्ट अतिथि जेलर अंजनी कुमार गुप्ता रहे। कार्यक्रम में क्लब के संस्थापक डॉ. अशोक अग्रवाल ‘काका’ का सानिध्य एवं प्रत्यूष त्रिपाठी का संयोजन रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि के स्वागत और बैज अलंकरण के साथ हुआ। इसके बाद अतिथियों, क्लब अध्यक्ष एवं संस्थापक ने फीता काटकर जल सेवा स्टॉल का विधिवत उद्घाटन किया। उद्घाटन के पश्चात अतिथियों एवं क्लब पदाधिकारियों ने कारागार में बंदियों से मिलने आए पुरुष एवं महिला आगंतुकों को अपने हाथों से शीतल जल वितरित किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि भीषण गर्मी के मौसम में जिला कारागार आने वाले लोगों को स्वच्छ एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध कराना एक सराहनीय सेवा कार्य है। इससे आगंतुकों को राहत मिलेगी और सामाजिक सेवा के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी। कार्यक्रम में क्लब के विजय राय, राकेश मेहरोत्रा, अजय सिंह राठौर एवं मनोज सोनी सहित एचडीएफसी बैंक के प्रबंधक श्वेतांक श्रोतिय तथा सोहेल विशेष सहयोगी के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन क्लब के पूर्व अध्यक्ष विशाल गुप्ता ने किया, जबकि अंत में मनोज सोनी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।







