JHANSI NEWS: शिवाजी नगर स्थित लेबर चौराहा पर रविवार को शिवाजी लाइब्रेरी का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, युवाओं एवं विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर नई लाइब्रेरी के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त की। लाइब्रेरी के संचालक अरविंद ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए शांत, सुरक्षित एवं सुविधायुक्त वातावरण की आवश्यकता होती है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए शिवाजी लाइब्रेरी की स्थापना की गई है। उन्होंने बताया कि लाइब्रेरी में विद्यार्थियों के लिए अध्ययन हेतु पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, स्वच्छ वातावरण, प्रकाश एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे प्रतियोगी परीक्षाओं, बोर्ड परीक्षाओं तथा अन्य शैक्षणिक तैयारियों में जुटे छात्र-छात्राओं को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह लाइब्रेरी केवल एक अध्ययन केंद्र नहीं, बल्कि युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का माध्यम बनेगी। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने लाइब्रेरी का अवलोकन किया और इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अध्ययन केंद्र युवाओं को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज के विकास का आधार है और विद्यार्थियों को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है। शुभारंभ समारोह में दिनेश सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, सुधीर साहू, संजय साहू, शैलेंद्र बनौधिया, राजपाल सिंह गौर, रुद्र प्रताप सिंह एवं कनिष्का सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने अरविंद बनौधिया को शुभकामनाएं देते हुए शिवाजी लाइब्रेरी के सफल संचालन और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।







