Home उत्तर प्रदेश चुनार-चोपन रेल खंड पर आरओबी निर्माण में बड़ी सफलता, समपार फाटक संख्या-19...

चुनार-चोपन रेल खंड पर आरओबी निर्माण में बड़ी सफलता, समपार फाटक संख्या-19 पर लगाए गए स्टील गर्डर

PRAYAGRAJ NEWS: मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज रजनीश अग्रवाल के नेतृत्व में रेल एवं सड़क यातायात को अधिक सुरक्षित, सुगम और निर्बाध बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की गई है। चुनार-चोपन रेल खंड पर लूसा के निकट स्थित समपार फाटक संख्या-19 के स्थान पर निर्माणाधीन रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) के रेलवे हिस्से पर स्टील गर्डरों की सफल लांचिंग एवं स्थापना का कार्य संपन्न कर लिया गया है। निर्माणाधीन आरओबी की कुल लंबाई 585 मीटर है, जबकि रेलवे भाग की लंबाई 36 मीटर एवं चैड़ाई 7.5 मीटर है। इस परियोजना के पूर्ण होने पर चुनार नगर को राज्य राजमार्ग-35 (मिर्जापुर-सोनभद्र मार्ग) से बेहतर एवं निर्बाध संपर्क मिलेगा। साथ ही समपार फाटक पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी और सड़क तथा रेल यातायात की सुरक्षा एवं परिचालन दक्षता में उल्लेखनीय सुधार होगा। निर्माण कार्य के दौरान आधुनिक तकनीकों एवं सुरक्षा मानकों का पूर्ण रूप से पालन किया गया। विशाल क्रेनों की सहायता से स्टील गर्डरों को निर्धारित स्थान पर स्थापित किया गया। यह कार्य रेलवे और निर्माण एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण माना जा रहा है। इस महत्वपूर्ण कार्य के सफल निष्पादन में उप मुख्य अभियंता (ब्रिजध्लाइन) प्रयागराज आई.पी.एस. यादव, सहायक कार्यकारी अभियंता (ब्रिजध्लाइन) लाल बहादुर तथा ब्रिज लाइन टीम की विशेष भूमिका रही। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्य करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर इस महत्वपूर्ण चरण को सफलतापूर्वक पूरा किया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार आरओबी के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र के निवासियों, व्यापारिक गतिविधियों तथा यात्रियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही यह परियोजना क्षेत्रीय विकास को गति देने और बेहतर यातायात अवसंरचना के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देगी।