Home उत्तर प्रदेश गंभीरा पूरब में जिलाधिकारी ने ग्राम चौपाल लगाकर, सुनी ग्रामवासियों की समस्याएं

गंभीरा पूरब में जिलाधिकारी ने ग्राम चौपाल लगाकर, सुनी ग्रामवासियों की समस्याएं

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सोमवार को ग्राम में कैम्प लगाकर छूटे हुए सभी पात्र लोगों को लाभान्वित करने के दिए निर्देश

KAUSHAMBI NEWS:  जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने “गॉव की समस्या, गॉव में समाधान“ के अन्तर्गत बृहस्पतिवार को विकास खण्ड सिराथू के गंभीरा पूरब में ग्राम चौपाल लगाकर ग्रामवासियों की समस्याओं को सुना एवं सम्बन्धित अधिकारियों को शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी ने ग्राम के लाभार्थियों से पुष्टाहार मिलने, पेंशन, शौचालय का लाभ मिलने, राशन मिलने, कन्या सुमंगला योजना एवं आवास आदि योजनाओं से लाभान्वित होने की जानकारी प्राप्त करते हुए सम्बन्धित अधिकारियों से कहा कि सोमवार को ग्राम में कैम्प लगाकर छूटे हुए सभी पात्र लोगों को शीघ्र लाभान्वित किया जाय। उनके द्वारा नजदीकी सामुदायिक/प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त करने पर ग्रामवासियों ने बताया गया कि बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने ग्रामवासियों से पूछा कि विद्यालय में अध्यापक समय से आते हैं एवं ठीक प्रकार से शिक्षण कार्य करते हैं या नहीं, जिस पर बताया गया कि अध्यापक समय से विद्यालय आते हैं एवं ठीक प्रकार से शिक्षण कार्य भी कर रहे हैं। उन्होंने जिला खाद्य विपणन अधिकारी को विद्यालय का निरीक्षण कर आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार प्रदान किया एवं बच्चों को अन्नप्राशन भी कराया। इसके साथ ही उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड भी प्रदान किया। उन्होंने जिला खाद्य विपणन अधिकारी एवं जिला उद्यान अधिकारी को जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्राम में पाइपलाइन बिछाने के कार्य का सत्यापन कर आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अन्तर्गत 77 परिवारों को चिन्हित किया गया है, सभी पात्र लोगों को शीघ्र आवास योजना से लाभान्वित किया जाएगा। ग्राम चौपाल में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजय कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने ग्रामवासियों को विभागीय योजनाओं/कार्यक्रमों की जानकारी देकर योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। अधिशासी अभियंता,जल निगम जयपाल सिंह ने बताया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत आगामी 15 दिन के अंदर संपूर्ण ग्राम में पेयजल आपूर्ति शुरू हो जाएगी। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी योगेश कुमार गौड़ , बीडीओ सिराथू भवेश कुमार शुक्ला, मुख्य सेविका गैसरानी , सीएचसी अधीक्षक डॉ अरुण कुमार तिवारी , ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि लवकुश मौर्य, सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहें।