Home उत्तर प्रदेश खराब सड़कों से हादसा हुआ तो कार्यदायी संस्था होगी जिम्मेदार : डीएम

खराब सड़कों से हादसा हुआ तो कार्यदायी संस्था होगी जिम्मेदार : डीएम

पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कें दुरुस्त करें, नहीं तो होगी कार्रवाई
FATEHPUR NEWS: जल निगम नगरीय एवं ग्रामीण विभाग की विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा बैठक मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जल जीवन मिशन सहित निर्माणाधीन एवं संचालित पेयजल योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता जल निगम नगरीय एवं ग्रामीण से विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली और निर्माणाधीन परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल जीवन मिशन के अंतर्गत पाइप पेयजल योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि जिन क्षेत्रों में पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूरा हो चुका है, वहां क्षतिग्रस्त मार्गों को हर हाल में मोटरेबल बनाया जाए। डीएम ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि खराब मार्गों के कारण कोई गंभीर दुर्घटना होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित कार्यदायी संस्था की होगी और उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं में केवल छोटे-छोटे कार्य शेष हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराकर जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। निर्माणाधीन परियोजनाओं में तेजी लाने के लिए प्रत्येक माह पूर्ण होने वाली योजनाओं का लक्ष्य निर्धारित कर कार्य किया जाए और उसकी नियमित रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। बैठक में जिलाधिकारी ने उन परियोजनाओं पर भी नाराजगी जताई जिनकी प्रगति अपेक्षाकृत धीमी है। उन्होंने अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण को निर्देश दिए कि क्रिटिकल परियोजनाओं में लापरवाही बरतने वाली कार्यदायी संस्थाओं को नोटिस जारी किया जाए और कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने हाउसहोल्ड कनेक्शन की प्रगति बढ़ाने पर भी जोर देते हुए कहा कि पात्र परिवारों तक शीघ्र पेयजल कनेक्शन पहुंचाए जाएं। साथ ही निर्माणाधीन परियोजनाओं का नियमित निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने जल जीवन मिशन के तहत जल संरक्षण के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं का विषय नहीं बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा अभियान है, इसलिए लोगों को इसके प्रति जागरूक किया जाना आवश्यक है। बैठक में अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण, जिला समन्वयक, कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा गायत्री, बाबा, भू-रतनम और पावर मैक सहित विभिन्न एजेंसियों के अधिकारी उपस्थित रहे।