Home उत्तर प्रदेश विकास, विश्वास और जनकल्याण के 12 वर्ष, हुआ प्रबुद्ध संवाद

विकास, विश्वास और जनकल्याण के 12 वर्ष, हुआ प्रबुद्ध संवाद

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर फतेहपुर में हुआ प्रबुद्ध वर्ग संवाद
संवाद में विकास और जनकल्याण पर हुई चर्चा
उद्यमियों, शिक्षाविदों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने विकास यात्रा पर रखे विचार
FATEHPUR NEWS: केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे “समेकित जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान” के अंतर्गत मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में “प्रबुद्ध वर्ग संवाद” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्धजनों ने सहभागिता कर केंद्र सरकार की उपलब्धियों, विकास योजनाओं तथा भविष्य की संभावनाओं पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में चिकित्सकों, अधिवक्ताओं, शिक्षाविदों, उद्यमियों, व्यवसायियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने अपने वक्तव्य में कहा कि बीते 12 वर्षों में देश ने आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, महिला सशक्तिकरण, डिजिटल सेवाओं, राष्ट्रीय सुरक्षा तथा आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यक्रमों का प्रभाव जनपद स्तर पर भी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। उद्यमियों ने उद्योग एवं व्यापार के क्षेत्र में हुए सकारात्मक बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि आयात-निर्यात को बढ़ावा देने, रेलवे लाइन के दोहरीकरण, सौर ऊर्जा के विस्तार तथा निवेश प्रोत्साहन संबंधी नीतियों से औद्योगिक विकास को नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि सिंगल विंडो प्रणाली के माध्यम से उद्यमियों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया जा रहा है, जिससे निवेश का माहौल बेहतर हुआ है। आने वाले समय में जनपद में नए उद्योग स्थापित होने से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। शिक्षाविदों ने नई शिक्षा नीति को युवाओं के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे शिक्षा को कौशल एवं रोजगारपरक प्रशिक्षण से जोड़ा गया है। साथ ही शिक्षा के डिजिटलीकरण से विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिला है। संवाद कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण को भी प्रमुखता से उठाया गया। वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए केवल सरकार ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि वह पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाए। उन्होंने केंद्र सरकार की “एक पेड़ मां के नाम” पहल की सराहना करते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्ष विश्वास, विकास और जनकल्याण के रूप में याद किए जाएंगे तथा इनके सकारात्मक परिणाम धरातल पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। कार्यक्रम में देश, प्रदेश और जनपद को और अधिक विकसित बनाने के लिए विभिन्न सुझाव भी प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम के दौरान केंद्र सरकार की उपलब्धियों, विकासात्मक पहलों एवं आगामी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अंत में राष्ट्रभक्ति के भाव के साथ वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त जीएसटी, एसीएमओ, जिला विद्यालय निरीक्षक, उपायुक्त उद्योग सहित अनेक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से व्यावसायिक क्षेत्र से लक्ष्मीचंद्र, उद्यमी मनोज गांधी, कुंवर गांधी, अभिषेक गांधी, अभिषेक अवस्थी, बीरेंद्र सिंह, अधिवक्ता सुनीता गुप्ता, शिक्षाविद् वेद बाजपेई, प्रधानाचार्य आर.एस. एक्सल, हनुमंत प्रताप सिंह तथा शिवबाबू शुक्ला सहित बड़ी संख्या में कई प्रबुद्धजन मौजूद रहे।