Home उत्तर प्रदेश बड़े मंगल पर शहर में जगह-जगह भंडारे और शरबत वितरण, भक्तों ने...

बड़े मंगल पर शहर में जगह-जगह भंडारे और शरबत वितरण, भक्तों ने ग्रहण किया प्रसाद

हनुमान मंदिरों और प्रमुख चौराहों पर धार्मिक आयोजनों की रही धूम

सामाजिक संगठनों व संस्थाओं ने निभाई सेवा की परंपरा
FATEHPUR NEWS: ज्येष्ठ माह के छठवें बड़े मंगल के अवसर पर मंगलवार को शहर के विभिन्न चौराहों, मंदिरों एवं सार्वजनिक स्थलों पर भंडारा, शरबत और प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने बजरंगबली की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की, वहीं सामाजिक संगठनों एवं संस्थाओं ने सेवा भाव से लोगों को प्रसाद वितरित किया। पटेल नगर चौराहा स्थित हनुमान मंदिर में भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष ज्योति प्रवीण के नेतृत्व में शरबत वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत हनुमान जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं आरती के साथ हुई। इसके बाद बाबूलाल स्वीट हाउस के सहयोग से श्रद्धालुओं और राहगीरों को आइसक्रीम वितरित की गई। इस अवसर पर यश अग्रवाल, साकेत मदनवाल, रामजी श्रीवास्तव, शैलेंद्र कुमार, सत्यम साहू, अर्पित श्रीवास्तव सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। वहीं जीटी रोड स्थित बांके बिहारी मंदिर के समीप अहाना हॉस्पिटल की ओर से शरबत वितरण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सर्वप्रथम बजरंगबली की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर आरती की गई, जिसके बाद श्रद्धालुओं और राहगीरों को शरबत वितरित किया गया। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा के चलते दूर-दराज से आए परीक्षार्थियों ने भी शरबत ग्रहण कर राहत महसूस की। इस मौके पर कुणाल पटेल, अंकेश लोधी, बबलू राजपूत, आदर्श, उषा यादव, रिचा सहित अन्य लोग मौजूद रहे। इसी क्रम में वर्मा चौराहा स्थित पुराना शिव मंदिर एवं साईं मंदिर परिसर में लगातार पांचवें वर्ष बड़े मंगल के अवसर पर चना और शरबत वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया। श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित कर धार्मिक एवं सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में विमल सिंह, विपुल श्रीवास्तव, अवधेश, रामजी, प्रभात त्रिपाठी, मणि, आशुतोष श्रीवास्तव, ऋतिक, पुनीत गुप्ता सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। उधर देवीगंज स्थित कोऑपरेटिव बैंक परिसर में भी बड़े मंगल के उपलक्ष्य में भंडारे का आयोजन किया गया। यहां भक्तों को पूड़ी-सब्जी एवं शरबत का प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन में बैंक अध्यक्ष प्रभुदत्त दीक्षित, संचालक विनोद द्विवेदी, बैंक सचिव विजय कुमार, जितेंद्र सिंह, सुशील सिंह, रन्नो देवी सहित बैंक के कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। शहर भर में आयोजित इन धार्मिक एवं सेवा कार्यों के माध्यम से श्रद्धालुओं ने बड़े मंगल का पर्व श्रद्धा, भक्ति और जनसेवा के साथ मनाया। पूरे दिन विभिन्न स्थलों पर भक्तों की आवाजाही बनी रही और लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।