Home उत्तर प्रदेश कृषि उत्पादों को मिलेगा वैश्विक बाजार, एपीडा ने निर्यात संभावनाओं पर किया...

कृषि उत्पादों को मिलेगा वैश्विक बाजार, एपीडा ने निर्यात संभावनाओं पर किया मंथन

FATEHPUR NEWS: कृषि भवन सभागार में शुक्रवार को जनपद फतेहपुर से कृषि उत्पादों के निर्यात की संभावनाओं, एफपीओ-एफपीसी, निर्यातकों, कृषकों एवं अन्य हितधारकों की क्षमता निर्माण को लेकर एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन एपीडा (कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण), वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा कृषि विपणन एवं कृषि विदेश व्यापार विभाग के जिला स्तरीय कार्यालय, ज्येष्ठ कृषि विपणन निरीक्षक फतेहपुर के सौजन्य से किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ज्येष्ठ कृषि विपणन निरीक्षक विनोद कुमार ने एपीडा अधिकारियों, एफपीओ प्रतिनिधियों, निर्यातकों, कृषकों एवं प्रसंस्करणकर्ताओं का स्वागत एवं अभिनंदन कर किया। इस अवसर पर एपीडा वाराणसी क्षेत्रीय कार्यालय के एसोसिएट शुभम राय ने एपीडा की भूमिका, निर्यात प्रक्रिया, एपीडा पंजीकरण, बायर-सेलर मीट, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों तथा गुणवत्ता प्रमाणन संबंधी विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने उत्तर प्रदेश कृषि निर्यात नीति 2019 के तहत फतेहपुर जनपद में विकसित कृषि निर्यात क्लस्टरों पर विशेष जोर देते हुए बताया कि भिटौरा विकासखंड में केला क्लस्टर, अमौली में हरी मिर्च क्लस्टर तथा भिटौरा व बहुआ में आलू क्लस्टर का गठन किया गया है। इन क्लस्टरों से उत्पादित कृषि उत्पादों को निर्यात करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि फतेहपुर के प्रसिद्ध कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाया जा सके। ज्येष्ठ कृषि विपणन निरीक्षक विनोद कुमार ने उत्तर प्रदेश कृषि निर्यात नीति 2019 की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में अब तक तीन कृषि निर्यात क्लस्टरों का गठन किया जा चुका है, जिनके अनुमोदन हेतु जिलाधिकारी स्तर से प्रस्ताव निदेशालय लखनऊ भेजे जा चुके हैं। उन्होंने कृषि निर्यात परिवहन अनुदान, क्लस्टर प्रोत्साहन राशि, क्लस्टर के निकट स्थापित होने वाली नई प्रसंस्करण इकाइयों को सहायता, गुणवत्ता परीक्षण एवं प्रमाणन में होने वाले व्यय की प्रतिपूर्ति जैसी योजनाओं की जानकारी भी हितधारकों को दी। साथ ही योजनाओं से संबंधित प्रचार सामग्री का वितरण भी कराया गया। कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि आलू, केला और हरी मिर्च के निर्यात को बढ़ावा देने के लिए निर्यातकों से व्यक्तिगत संपर्क कर एमओयू कराने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे जनपद के उत्पाद विदेशों तक पहुंच सकें और किसानों व एफपीओ की आय में वृद्धि हो सके। कार्यक्रम में कृषि विपणन निरीक्षक मनीष प्रताप सिंह, उदित नारायण सिंह, हिमांशु तिवारी, जिला सलाहकार एफपीओ कुंवर सेन गंगवार सहित कीर्त मौर्य, रामसिंह पटेल, उग्रसेन सिंह, जयदेव सिंह गौतम, संदीप उमराव, मोहनलाल द्विवेदी, मनोज कुमार सिंह, रणविजय सिंह, नितेश साहू एवं अन्य कृषक, एफपीओ प्रतिनिधि, निर्यातक व हितधारक उपस्थित रहे।