Home उत्तर प्रदेश कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में विभिन्न पदों के लिए अभिलेख सत्यापन सम्पन्न

कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में विभिन्न पदों के लिए अभिलेख सत्यापन सम्पन्न

743 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 610 अभ्यर्थी हुए उपस्थित, एनआईसी में हुआ टाइप टेस्ट
FATEHPUR NEWS: शासनादेश संख्या-1/570148/2024, फाइल संख्या 68-5099/23/2024-25, बेसिक शिक्षा अनुभाग-5 दिनांक 28 मई 2024 तथा जिलाधिकारी की अनुमति दिनांक 30 अप्रैल 2026 के अनुपालन में जनपद फतेहपुर में संचालित उच्चीकृत कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में विभिन्न पदों पर चयन प्रक्रिया के तहत अभिलेख सत्यापन का कार्य विकास भवन सभागार में सम्पन्न कराया गया। जानकारी के अनुसार जनपद के उच्चीकृत कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय भिटौरा, तेलियानी, हथगाम एवं धाता (कक्षा 6 से 8) के परिसर से दूर स्थित नवीन एकेडमिक ब्लॉक एवं छात्रावास तथा केजीबीवी मलवां (कक्षा 6 से 8) में निर्मित नवीन छात्रावास के संचालन हेतु सेवा अनुबंध के आधार पर नियत मानदेय पर महिला अभ्यर्थियों के चयन की प्रक्रिया चल रही है। इसी क्रम में पूर्व में प्रकाशित विज्ञप्ति के आधार पर प्राप्त आवेदनों के सापेक्ष अभिलेख सत्यापन कराया गया। अभिलेख सत्यापन की प्रक्रिया जनपदीय चयन समिति की देखरेख में संपन्न हुई। विभिन्न पदों के लिए अलग-अलग टेबल स्थापित कर खंड शिक्षा अधिकारियों एवं जिला समन्वयकों की टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों द्वारा प्रधानाचार्य, पीजीटी हिन्दी, अंग्रेजी, गणित, जीव विज्ञान, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, कम्प्यूटर विज्ञान, लैब असिस्टेंट, केयर टेकर तथा कार्यालय अधीक्षक/लिपिक पदों के अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। अभिलेख सत्यापन के दौरान विभिन्न पदों के लिए कुल 743 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था, जिनमें से 610 अभ्यर्थी उपस्थित हुए। वहीं कार्यालय अधीक्षक/लिपिक पद के लिए आमंत्रित 41 अभ्यर्थियों में से 35 अभ्यर्थियों ने उपस्थिति दर्ज कराई। इन अभ्यर्थियों का राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) में टाइपिंग टेस्ट भी आयोजित किया गया। इसके अतिरिक्त चौकीदार, चपरासी एवं रसोइया पदों के लिए उपस्थित अभ्यर्थियों का साक्षात्कार जनपदीय समिति द्वारा लिया गया। चयन प्रक्रिया के दौरान पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। अधिकारियों ने बताया कि अभिलेख सत्यापन एवं अन्य चयन प्रक्रियाओं में उपस्थित अभ्यर्थियों का चयन शासनादेश में निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं मानकों के अनुसार जनपदीय समिति द्वारा तैयार की जाने वाली मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा। चयन की संपूर्ण प्रक्रिया शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराई जा रही है। अभ्यर्थियों ने भी सुव्यवस्थित व्यवस्था के बीच संपन्न हुई सत्यापन प्रक्रिया पर संतोष व्यक्त किया। अब सभी अभ्यर्थियों की निगाहें अंतिम मेरिट सूची एवं चयन परिणाम पर टिकी हुई हैं।