Home उत्तर प्रदेश कजगांव नगर पंचायत की बोर्ड बैठक में हंगामा, सभासदों ने अध्यक्ष पर...

कजगांव नगर पंचायत की बोर्ड बैठक में हंगामा, सभासदों ने अध्यक्ष पर लगाए भ्रष्टाचार और भेदभाव के आरोप

JAUNPUR NEWS: जिले के कजगांव नगर पंचायत कार्यालय में सोमवार को आयोजित बोर्ड बैठक हंगामे की भेंट चढ़ गई। बैठक के दौरान कई सभासदों ने विरोध जताते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष फिरोज खान पर मनमानी, भेदभाव और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए।
नगर पंचायत अध्यक्ष फिरोज खान की अध्यक्षता में बोर्ड बैठक शुरू हुई, लेकिन कुछ ही देर बाद सभासदों ने बैठक का विरोध करते हुए बहिष्कार कर दिया। सभासदों का आरोप था कि विकास कार्य केवल चुनिंदा वार्डों में कराए जा रहे हैं, जबकि अन्य वार्डों की लगातार उपेक्षा की जा रही है। सभासदों ने कहा कि जब वे अपने वार्डों की समस्याओं और विकास कार्यों की मांग उठाते हैं, तो अध्यक्ष द्वारा उसे नजरअंदाज कर दिया जाता है। उनका आरोप था कि नगर पंचायत में विकास कार्यों के नाम पर भारी अनियमितताएं और भ्रष्टाचार हो रहा है, लेकिन शिकायतों के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही। विरोध प्रदर्शन के दौरान सभासदों ने अध्यक्ष पर सौतेला व्यवहार अपनाने और एकतरफा निर्णय लेने का आरोप लगाते हुए नाराजगी व्यक्त की।
बैठक के दौरान सभासद सुनील विश्वकर्मा, आकाश सिंह ‘हनी’, अरविंद प्रजापति, आलोक मौर्य, इकबाल अंसारी, अखिलेश यादव, इजलाश यादव और सूरज कन्नौजिया सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।