KAUSHAMBI NEWS: उप जिलाधिकारी,चायल अरुण कुमार ने“टॉप 10 भूमि विवादों का मौके पर समाधान” अभियान के अंतर्गत आज ग्राम पेरई में कैम्प आयोजित कर राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा भूमि विवाद से संबंधित 3 शिकायतों का ग्राम स्तर पर ही त्वरित निस्तारण सुनिश्चित कराया। कैम्प में शिकायतकर्ता ईदल ने भूमिधरी भूमि चिन्हित किए जाने के संबंध में शिकायत की थी, मौके पर राजस्व टीम द्वारा जांच करने पर पाया गया कि अधिकांश भाग पर आबादी बसी हुई है एवं दोनों पक्ष सहमत नहीं हुए, जिस पर शिकायतकर्ता को अवगत कराया गया कि धारा 116 का वाद योजित कर अनुतोष प्राप्त करें। इसी प्रकार शिकायतकर्ता ने भूमिधरी भूमि में निर्माण किए जाने के संबंध में शिकायत की थी, मौके पर राजस्व टीम द्वारा जांच करने पर पाया गया कि भूमि पर शिकायतकर्ता का कब्जा है एवं निर्माण करने के संबंध में कोई समस्या नहीं है। शिकायतकर्ता पुष्पा द्वारा पट्टा की मांग किए जाने पर अवगत कराया गया की भूमि प्रबंध समिति की बैठक के उपरांत पात्र/अपात्र को ध्यान में रखकर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। उप जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि भविष्य में भी इसी प्रकार संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ जनता की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाए।







