Home उत्तर प्रदेश ईंट लदे ट्रैक्टर का टूटा एक्सल, चालक की हुई मौत

ईंट लदे ट्रैक्टर का टूटा एक्सल, चालक की हुई मौत

कोरांव कोहड़ार मुख्य मार्ग पर बिसरी गांव में हुआ हादसा, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा

PRAYAGRAJ NEWS: कोरांव थाना क्षेत्र के बिसरी गांव में कोरांव कोहड़ार मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को शाम 6:30 बजे के करीब ईंट लदे ट्रैक्टर के अगले पहिए का एक्सल टूट जाने से ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क पर ही तेज गति से नाच गया। जिससे ट्रैक्टर चला रहा चालक सड़क पर काफी दूर जा गिरा और सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक सूर्य प्रकाश सिंह पुत्र बैजनाथ सिंह (35) निवासी पटेहरी थाना कोरांव अपने खुद के ट्रैक्टर पर करछना से ईंट लादकर आ रहे थे कि बिसरी गांव में अचानक ट्रैक्टर के अगले पहिए का एक्सल टूट जाने से ट्रैक्टर सड़क पर ही नाच गया और चालक की सड़क पर गिरकर मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोरांव लाया गया जहां चिकित्सकों ने ट्रैक्टर चालक को  मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद पहुंची पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। पत्नी रेखा सिंह व दो पुत्रों में विपिन व सचिन तथा अन्य पारिवारी जनों का रो-रो कर बुरा हाल था।