SIDHARTHNAGAR NEWS: आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश तथा जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर के निर्देश पर जनपद में दूध एवं दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के सचल दल द्वारा विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान बांसी बाजार से पनीर का एक नमूना, गोनहाताल (बांसी) से दूध एवं दही के दो नमूने, नादेपार (जोगिया) से दूध का एक नमूना तथा तेतरी बाजार (नौगढ़) से दूध एवं दही के दो नमूने संग्रहित किए गए। इस प्रकार कुल 6 नमूने एकत्र कर जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के अंतर्गत नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी दल में सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय आर.एल. यादव के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी हीरा लाल एवं नीरज कुमार चौधरी शामिल रहे।







