Home उत्तर प्रदेश ई-रिक्शा चालक की ईमानदारी: 13 लाख के जेवरात से भरा बैग लौटाया,...

ई-रिक्शा चालक की ईमानदारी: 13 लाख के जेवरात से भरा बैग लौटाया, पुलिस ने किया सम्मानित

JHANSI NEWS: एक ई-रिक्शा चालक ने ईमानदारी की मिसाल पेश करते हुए लाखों रुपये के जेवरात से भरा बैग उसके असली मालिक तक सुरक्षित पहुंचाकर मानवता और भरोसे की एक प्रेरणादायक कहानी सामने रखी है। चालक की इस सराहनीय कार्य के लिए झांसी पुलिस ने उसे प्रशस्ति पत्र और नकद इनाम देकर सम्मानित किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रक्सा निवासी आरती अपने बच्चे के साथ मायके से लौटते समय एक ई-रिक्शा में सवार हुई थीं। सीपरी बाजार में उतरते समय वह अपना बैग रिक्शा में ही भूल गईं। कुछ देर बाद जब उन्हें इसका अहसास हुआ तो उन्होंने अपने पति को जानकारी दी और दोनों ने बैग की तलाश शुरू कर दी।
उधर, ई-रिक्शा चालक धर्मपाल सिंह अहिरवार सवारी छोड़ने के बाद एक मैकेनिक की दुकान पर पहुंचे, जहां उन्हें अपने रिक्शा में छूटे बैग का पता चला। उन्होंने तुरंत उस स्थान पर जाकर आरती को ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मिलीं। इसके बाद उन्होंने अपने गांव के सरपंच से संपर्क किया, जिन्होंने पुलिस को सूचना दी।
इधर, आरती ने भी पुलिस को लिखित शिकायत दी थी। पुलिस की सक्रियता और चालक की ईमानदारी के चलते महज एक घंटे के भीतर बैग का पता चल गया और उसे सुरक्षित आरती को वापस कर दिया गया। बैग में करीब 12 से 13 लाख रुपये के जेवरात मौजूद थे।
बैग वापस मिलने पर आरती ने राहत की सांस ली और धर्मपाल का आभार व्यक्त किया। धर्मपाल ने बताया कि बैग देखकर ही उन्हें अंदाजा हो गया था कि इसमें कीमती सामान है, इसलिए उन्होंने तुरंत उसे मालिक तक पहुंचाने की कोशिश की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने स्वयं बैग आरती को सुपुर्द किया और धर्मपाल की ईमानदारी की सराहना करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र व नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि धर्मपाल ने समाज के सामने ईमानदारी का एक बेहतरीन उदाहरण प्रस्तुत किया है, जिससे अन्य लोगों को भी प्रेरणा लेनी चाहिए।