PRAYAGRAJ NEWS: नए आयकर अधिनियम 2025 के क्रियान्वयन को लेकर बुधवार को आयकर भवन के सभागार में एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम आयकर निदेशक आसूचना एवं आपराधिक अन्वेषण एवं संयुक्त आयकर निदेशक आसूचना एवं आपराधिक अन्वेषण, लखनऊ के निर्देशन में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन आयकर अधिकारी आसूचना एवं आपराधिक अन्वेषण, इलाहाबाद प्रकाश चन्द्र मिश्र द्वारा किया गया। इसमें बार एसोसिएशन, सीए एसोसिएशन के सदस्य तथा व्यापारी वर्ग के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए प्रकाश चन्द्र मिश्र ने नए आयकर अधिनियम 2025 की प्रमुख विशेषताओं पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने पुराने आयकर अधिनियम 1961 और नए अधिनियम 2025 का तुलनात्मक विश्लेषण भी प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि नया आयकर अधिनियम 2025 पुराने अधिनियम की तुलना में सरल भाषा में लिखा गया है। इसमें जटिल शब्दों के स्थान पर आम बोलचाल के शब्दों का प्रयोग किया गया है, जिससे आम करदाता को कानून को पढ़ने और समझने में आसानी होगी।
कार्यक्रम में विचार रखने वाले प्रमुख वक्ता:
सीए अजय अग्रवाल, सीए पीयूष केसरवानी, सीए अमित अग्रवाल, अधिवक्ता अरविंद मिश्रा, एस.के. योगेश्वर, संजय जयसवाल, उदय तिवारी, पवन मिश्रा, नंदन सोनकर, योगेश्वर राय, अरुण सिंह, शुभम मालवीया, नीलम मौर्या, राजेश गुप्ता एवं ज्ञानेंद्र श्रीवास्तव ने नए अधिनियम पर अपने सुझाव और विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि नए अधिनियम से कर प्रक्रिया पारदर्शी होगी और अनुपालन आसान होगा।








