PRAYAGRAJ NEWS: त्रिवेणी सभागार में मंगलवार को नगर पुलिस उपायुक्त मनीष शांडिल्य एवं यातायात सहायक पुलिस आयुक्त सुनील कुमार सिंह की अध्यक्षता में व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था, अतिक्रमण और त्योहारी सीजन में बाजारों की सुगमता को लेकर गहन विचार-विमर्श हुआ। जिला महिला व्यापार मंडल द्वारा पिछले कई वर्षों से उठाए जा रहे अतिक्रमण के मुद्दे पर विशेष चर्चा हुई। इस पर अधिकारियों ने समस्या के शीघ्र और ठोस समाधान का आश्वासन दिया। बैठक में जिला महिला व्यापार मंडल की अध्यक्ष अवंतिका टंडन ने सिविल लाइंस क्षेत्र की यातायात समस्याओं को लेकर एक विस्तृत ज्ञापन डीसीपी नगर को सौंपा। प्रयाग व्यापार मंडल के अध्यक्ष राणा चावला ने कहा कि प्रशासन द्वारा निर्धारित वेंडिंग जोन में ही पटरी दुकानदारों को स्थान आवंटित किया जाए। इससे न केवल व्यापारियों का त्योहारी व्यापार प्रभावित नहीं होगा, बल्कि ग्राहकों को भी पैदल चलकर दुकानों तक पहुंचने में सुविधा होगी। वरिष्ठ व्यापारी सरदार हरजिंदर सिंह ने सुभाष चौराहे पर ट्रैफिक सिग्नल के ठीक से न चलने के कारण लगने वाले जाम और सिविल लाइंस क्षेत्र में ई-रिक्शाओं के अवैध खड़े होने की समस्या उठाई। उन्होंने इनके तत्काल निस्तारण की मांग की। बैठक में धनंजय सिंह, हिना खान, शुभम केसरवानी, दलजीत सिंह, अकरम, शगुन सहित शहर के प्रमुख व्यापारी उपस्थित रहे। अंत में डीसीपी नगर ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से लिया गया है। यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और अतिक्रमण हटाने के लिए शीघ्र प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।







