जिला कार्यालय मंझनपुर में बैठक कर दिलाई सदस्यता की शपथ, 25 सितंबर की लखनऊ रैली और 21 अगस्त की तिरंगा यात्रा को सफल बनाने का आह्वान
KAUSHAMBI NEWS: अटेवा पेंशन बहाली मंच कौशांबी की ओर से वार्षिक सदस्यता अभियान 2026-27 का शुभारंभ बुधवार को जिला कार्यालय मंझनपुर में आयोजित बैठक के साथ किया गया। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, अधिक से अधिक शिक्षक व कर्मचारियों को सदस्य बनाने व पुरानी पेंशन बहाली आंदोलन को गति देने का संकल्प लिया गया।जिलाध्यक्ष कुशल सिंह, जिला महामंत्री सतीश चंद्र शर्मा व जिला कोषाध्यक्ष धीरज सिंह के नेतृत्व में आयोजित बैठक में सभी पदाधिकारियों व सदस्यों ने सदस्यता की शपथ ली। इसके साथ ही जनपद के सभी विकास खंडों में सदस्यता जागरूकता अभियान शुरू करने और प्रत्येक शिक्षक व कर्मचारी तक संगठन की बात पहुंचाने का निर्णय लिया गया। बैठक में बताया गया कि पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर 25 सितंबर को लखनऊ में प्रस्तावित विशाल रैली व 21 अगस्त को जिला मुख्यालय पर आयोजित तिरंगा यात्रा को सफल बनाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। संगठन पदाधिकारियों ने जनपद के सभी शिक्षक व कर्मचारियों से सदस्यता अभियान से जुड़कर आंदोलन को मजबूत बनाने की अपील की। जिला आईटी सेल प्रभारी आशीष कुमार सिंह ने कहा कि सदस्यता अभियान को गति देने के लिए सोशल मीडिया, विशेष रूप से फेसबुक और एक्स (पूर्व में ट्विटर) का प्रभावी उपयोग किया जाए। उन्होंने शिक्षकों से स्वयं आगे आकर सदस्यता ग्रहण करने और अधिक से अधिक साथियों को संगठन से जोड़ने का आह्वान किया। बैठक में जिला मंत्री रमेश चंद्र सेन, जिला संगठन मंत्री इकबाल अली, विनोद यादव, जिला सह कोषाध्यक्ष यतेंद्र सिंह, तहसील प्रभारी योगेंद्र सिंह, मंझनपुर ब्लॉक अध्यक्ष बृजबिहारी, ब्लॉक कोषाध्यक्ष संजय यादव, प्रमोद, राजकुमार, जिला आय-व्यय निरीक्षक, कुंवर सिंह, वीरेंद्र कुमार निर्मल (ब्लॉक अध्यक्ष मूरतगंज), ओमप्रकाश सरोज, जितेंद्र यादव सहित कई पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।







