Home उत्तर प्रदेश बार-बार अराजकता से परेशान विद्यालय, सबमर्सिबल की केबल काट तोड़ी टाइल्स

बार-बार अराजकता से परेशान विद्यालय, सबमर्सिबल की केबल काट तोड़ी टाइल्स

स्मार्ट टीवी वाले कमरों में भी की गई पत्थरबाजी, प्रधानाध्यापक ने पुलिस व शिक्षा विभाग से लगाई सुरक्षा की गुहार

KAUSHAMBI NEWS: कोखराज थाना क्षेत्र व बीआरसी कड़ा क्षेत्र के अंतर्गत तरसौरा स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में अराजकतत्वों की लगातार बढ़ती गतिविधियों से विद्यालय परिवार परेशान है। गुरुवार सुबह विद्यालय खुलने पर शिक्षकों ने देखा कि हैंडपंप से जुड़ी सबमर्सिबल मोटर की विद्युत केबल काट दी गई है। परिसर में लगी टाइल्स भी क्षतिग्रस्त कर दी गई थीं। इसके अलावा विद्यालय के कमरों में पत्थरबाजी किए जाने के भी साक्ष्य मिले, जिससे विद्यालय की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया। विद्यालय के शिक्षक अखिलेश कुमार शुक्ला ने बताया कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार अराजक तत्व विद्यालय परिसर में घुसकर तोड़फोड़ कर चुके हैं। आए दिन नलों की टोंटियां तोड़ देना, केबल काट देना और विद्यालय की अन्य संपत्तियों को नुकसान पहुंचाना उनकी आदत बन गई है। इस बार स्मार्ट टीवी लगे कमरों में भी पत्थर फेंके गए। हालांकि समय रहते बड़ा नुकसान होने से बच गया। घटना के बाद विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने पूरे मामले की लिखित सूचना शहजादपुर पुलिस चौकी को देकर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों को भी घटना से अवगत कराया गया है। विद्यालय प्रशासन ने विद्यालय परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित कराने व अराजक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। विद्यालय से पुलिस को भेजे गए प्रार्थना पत्र में उल्लेख किया गया है कि विद्यालय में बार-बार केबल काटने, टाइल्स तोड़ने तथा पत्थरबाजी की घटनाएं हो रही हैं। इससे विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था और सरकारी संपत्ति दोनों प्रभावित हो रही हैं। प्रधानाध्यापक ने  दोषियों की पहचान कर कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।