पुलिस ने हिरासत में लेकर छोड़ा
FATEHPUR NEWS: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव एवं कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की गिरफ्तारी तथा दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में मंगलवार को समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने खागा चौराहे पर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी व्यक्त की। प्रदर्शन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने धरना दे रहे कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर मांझिलगो चौकी पहुंचाया। बाद में आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद सभी को रिहा कर दिया गया। धरना-प्रदर्शन में समाजवादी पार्टी के नगर अध्यक्ष शिव सिंह यादव, नगर महासचिव मोहसिन राईन, कांग्रेस नेता कलीम उल्ला एवं कासिम उल्ला, समाजवादी पार्टी के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रामतीर्थ परमहंस , अंकित यादव, अलबख्स सौदागर, मनीष दिवाकर, संतोष यादव तथा सलीम शेख सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी एवं कांग्रेस के कार्यकर्ता शामिल रहे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि विपक्ष के नेताओं की गिरफ्तारी और छात्रों पर बल प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध है। उन्होंने मांग की कि लोकतांत्रिक अधिकारों का सम्मान किया जाए तथा छात्रों और शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के साथ न्यायपूर्ण व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।







