Home उत्तर प्रदेश मानसिक तनाव से परेशान शिक्षामित्र ने जहरीला पदार्थ खाकर दी जान, इलाज...

मानसिक तनाव से परेशान शिक्षामित्र ने जहरीला पदार्थ खाकर दी जान, इलाज के दौरान मौत

FATEHPUR NEWS: कोतवाली क्षेत्र के रजीपुर गांव निवासी एक शिक्षामित्र की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। गंभीर हालत में उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदकी और बाद में हैलट अस्पताल कानपुर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार रजीपुर गांव निवासी राम पूजन (40) पुत्र बसंत लाल कोतवाली क्षेत्र के नौधी खेड़ा मदनपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में शिक्षामित्र के पद पर कार्यरत थे। मंगलवार देर शाम उन्होंने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदकी लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए हैलट अस्पताल कानपुर रेफर कर दिया। हैलट अस्पताल में उपचार के दौरान मंगलवार और बुधवार की मध्यरात्रि राम पूजन ने दम तोड़ दिया। बुधवार सुबह पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के अनुसार राम पूजन काफी समय से मानसिक तनाव में थे। बताया जा रहा है कि उनकी पत्नी लंबे समय से उनके साथ नहीं रह रही थी, जिससे वह परेशान रहते थे। आशंका जताई जा रही है कि इसी मानसिक तनाव के चलते उन्होंने यह कदम उठाया। हालांकि, आत्महत्या के कारणों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी। शिक्षामित्र की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि रजीपुर गांव में शोक का माहौल व्याप्त है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।