योग और एरोबिक्स से छात्राओं ने सीखे स्वस्थ जीवन के गुर बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में सात दिवसीय प्रशिक्षण शिविर संपन्न, आठ छात्राएं सम्मानित
झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ एवं फिट इंडिया मूवमेंट के तहत आयोजित सात दिवसीय योग, ध्यान और एरोबिक्स प्रशिक्षण शिविर का शनिवार को समापन हुआ। शारीरिक शिक्षा विभाग की योग प्रशिक्षिका डॉ. रूपम सक्सेना के नेतृत्व में 11 अक्टूबर से आयोजित शिविर में विश्वविद्यालय के छह महिला छात्रावासों की छात्राओं ने प्रशिक्षण प्राप्त किया।
शिविर में छात्राओं को सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन सहित विभिन्न योगासनों, ओम उच्चारण, प्रेक्षा ध्यान तथा एरोबिक्स का अभ्यास कराया गया। डॉ. रूपम सक्सेना ने नियमित योग और व्यायाम को शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक एकाग्रता और तनावमुक्त जीवन के लिए आवश्यक बताया। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी प्रो. मुन्ना तिवारी ने संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व पर प्रकाश डाला।
समापन अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन और अनुशासन के लिए बीबीए की आस्था ठाकुर, बीएससी फॉरेंसिक साइंस की कनिका, बीपीटी की आकांक्षा सोनी, बीएससी जैव प्रौद्योगिकी की महक मिश्रा, एमफार्म की अंजली यादव, एमएससी फॉरेंसिक साइंस की रहनुमा खान, एमएससी रसायन विज्ञान की अंजली तथा आईटीईपी की प्रिया प्रकाश को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के आयोजन में छात्रावास वार्डन डॉ. दीप्ति सिंह, डॉ. ज्योति कुमारी मिश्रा, डॉ. ममता सिंह, डॉ. सुमिरन श्रीवास्तव, डॉ. शिप्रा, डॉ. श्वेता पांडे और डॉ. अचला पांडे का सहयोग रहा। मनोविज्ञान की शोधार्थी आयुषि सक्सेना ने संगीत व्यवस्था तथा प्रिया प्रकाश ने फोटोग्राफी में सहयोग किया।