विपक्ष जनादेश सहन नहीं कर पा रहा: केशव मौर्य
प्रयागराज। इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के अधिवक्ता समागम में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने बतौर मुख्य अतिथि अधिवक्ताओं को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि 2027 से पहले यह चुनाव है, इसे पूरी मजबूती से लड़ना है। यह सिर ऊंचा करने का चुनाव है। पिछले चुनाव से सबक लेकर कोई ढिलाई नहीं बरतनी है।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा, कांग्रेस, टीएमसी और उद्धव ठाकरे की शिवसेना सत्ता से बेदखल हो चुके हैं और भविष्य में भी संभावना नहीं है, इसलिए संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने का षड्यंत्र कर रहे हैं। विपक्ष जनादेश सहन नहीं कर पा रहा। राहुल गांधी देश का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जब विपक्ष चुनाव जीतता है तब EVM सही और हारने पर गलत बताता है, यह जनता को गुमराह करने की कोशिश है। फार्म 6, 7, 8 चुनाव आयोग द्वारा उपलब्ध हैं। उन्होंने अधिवक्ताओं से भाजपा प्रत्याशी अशोक राठौर को जिताने की अपील की। कहा कि प्रयागराज में करीब एक लाख स्नातक मतदाता हैं, मेहनत से जीत निश्चित है। यह सिर्फ MLC चुनाव नहीं, 2027 में कमल खिलाने का चुनाव है। मुख्य वक्ता राज्यसभा सदस्य राधाकांत ओझा ने कहा कि पार्टी का निर्णय सर्वोपरि है और सभी अधिवक्ता भाजपा प्रत्याशी को जिताने का प्रण लें। कार्यक्रम का संचालन आशुतोष पांडेय ने किया। अध्यक्षता ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव ने की। इस दौरान कुश श्रीवास्तव, शैलेश पटेल, विजय द्विवेदी ने अशोक राठौर को समर्थन दिया। मौके पर एमएलसी अनूप गुप्ता, महापौर गणेश केसरवानी, विधायक गुरु प्रसाद मौर्य, दीपक पटेल सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।