वाइब्रेंट विलेज पड़रहवा में एसएसबी ने लगाया नि:शुल्क पशु चिकित्सा शिविर
सिद्धार्थनगर: एसएसबी 43वीं वाहिनी की सीमा चौकी खुनुवां द्वारा वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत ग्राम पंचायत मदरहना जनूबी के टोला पड़रहवा में मंगलवार को नि:शुल्क पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में डॉ. चन्दन तालुकदार (सीवीओ-एसजी) ने आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे 32 ग्रामीणों के 64 मवेशियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें नि:शुल्क दवाएं वितरित कीं तथा उचित देखभाल व पोषण के संबंध में जानकारी दी।
इस दौरान सहायक कमांडेंट नीलेश सन्तोष मासुले ने कहा कि इस जनकल्याणकारी पहल का उद्देश्य सीमावर्ती ग्रामीणों को उनके गांव में ही पशु चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। ऐसे आयोजनों से एसएसबी और ग्रामीणों के बीच आपसी विश्वास व मैत्रीपूर्ण संबंध सुदृढ़ होते हैं। शिविर में इंस्पेक्टर पंकज सिंह सहित अन्य जवान व ग्रामीण मौजूद रहे।