धाता में ब्लॉक स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित

प्रातःकाल एक्सप्रेस
धाता-फतेहपुर। धाता ब्लॉक क्षेत्र स्थित धाता इंटर कॉलेज परिसर में ब्लॉक स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता क्रीड़ा प्रभारी मुकेश दुबे की देखरेख में हुई। प्रधानाचार्य रामलखन सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
प्रतियोगिता में धाता इंटर कॉलेज धाता, चैधरी रामस्वरूप सिंह एवं धनराज सिंह इंटर कॉलेज धाता, ग्राम्य दर्शन इंटर कॉलेज धाता, पौली इंटर कॉलेज पौली, बेलाई इंटर कॉलेज बेलाई, अढ़ौली इंटर कॉलेज अढ़ौली तथा निष्पक्ष देव गुरसंडी की टीमों ने प्रतिभाग किया। खिलाड़ियों ने बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए खेल भावना का परिचय दिया। सीनियर बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले में धाता इंटर कॉलेज धाता की टीम ने ग्राम्य दर्शन इंटर कॉलेज धाता को हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। जूनियर बालक वर्ग में चैधरी रामस्वरूप सिंह एवं धनराज सिंह इंटर कॉलेज की टीम ने पौली इंटर कॉलेज की टीम को पराजित कर विजेता का खिताब हासिल किया। बालिका सीनियर वर्ग में धाता इंटर कॉलेज की टीम ने निष्पक्ष देव गुरसंडी की टीम को हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, बालिका जूनियर वर्ग में चैधरी रामस्वरूप सिंह एवं धनराज सिंह इंटर कॉलेज की टीम ने ग्राम्य दर्शन इंटर कॉलेज धाता को हराकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। समापन अवसर पर प्रधानाचार्य रामलखन सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के साथ उनमें अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास की भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को आगे भी खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर सह संयोजक तपन कुमार, श्याम नरेश सिंह पाल, राकेश सिंह समेत विद्यालय के शिक्षक एवं अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
इस खबर को शेयर करें