नगर निगम के कुछ घंटों में जल निकासी के दावों पर उठे सवाल, स्थानीय लोगों में रोष

अलीगढ़। शहर में शनिवार को हुई बारिश ने नगर निगम की जल निकासी व्यवस्था की एक बार फिर पोल खोलकर रख दी। वार्ड 69 के अशोक नगर पार्क के पास क्षेत्रीय पार्षद योगेश सिंघल के घर के आसपास ही बरसाती पानी जमा हो गया। बारिश रुकने के काफी देर बाद तक सड़क और आसपास की गलियों में पानी भरा रहा, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
नगर निगम की ओर से लगातार यह दावा किया जाता है कि बारिश के दौरान सड़कों पर जमा होने वाले पानी की निकासी के लिए नगर निगम की टीमें सक्रिय रहती हैं और कुछ ही घंटों में जलभराव समाप्त कर दिया जाता है। नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा और महापौर प्रशांत सिंघल की ओर से भी शहर में जलभराव की समस्या को लेकर त्वरित कार्रवाई और बेहतर जल निकासी व्यवस्था के दावे किए जाते रहे हैं। लेकिन अशोक नगर और गूलर रोड क्षेत्र में बारिश के बाद दिखाई दिए हालात इन दावों की जमीनी हकीकत पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
अशोक नगर पार्क के पास बरसाती पानी जमा होने के कारण स्थानीय लोगों को सड़क से निकलने में परेशानी हुई। कई स्थानों पर सड़क और नाली का अंतर तक दिखाई नहीं दे रहा था। दोपहिया वाहन चालकों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा, जबकि पैदल राहगीरों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश होते ही क्षेत्र में जलभराव की समस्या सामने आ जाती है और पानी की निकासी में काफी समय लग जाता है।
गूलर रोड की गलियों में भी देर रात तक भरा रहा पानी
अशोक नगर के साथ-साथ गूलर रोड क्षेत्र की कई गलियां भी बारिश के पानी से प्रभावित रहीं। देर रात तक पानी जमा रहने से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि क्षेत्र की नालियों में सिल्ट और कूड़ा जमा रहने के कारण बरसात का पानी तेजी से आगे नहीं निकल पाता। समय से नालियों की सफाई नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर ही फैल जाता है।
दावों के बजाय धरातल पर काम की मांग
लोगों का कहना है कि प्रेस रिलीज और दावों से जलभराव की समस्या का समाधान नहीं होगा। नगर निगम को जलभराव वाले संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित कर स्थायी जल निकासी व्यवस्था करनी चाहिए। बारिश से पहले नालियों की सफाई, सिल्ट की निकासी और जल निकासी पंपों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि शहरवासियों को हर बारिश में जलभराव की समस्या से जूझना न पड़े।
स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से अशोक नगर, गूलर रोड तथा वार्ड 69 के अन्य जलभराव वाले क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि जिस समय शहर में बारिश होती है, उसी समय नगर निगम की जल निकासी व्यवस्था की वास्तविक स्थिति सामने आती है और शनिवार की बारिश ने एक बार फिर यही स्थिति उजागर कर दी।
इस खबर को शेयर करें