दैवीय आपदा प्रभावित किसानों और परिवारों को बांटे राहत राशि के चेक सांसद अनुराग शर्मा ने कहा—संकट की घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है सरकार
झांसी। तहसील सभागार, झांसी में प्राकृतिक दैवीय आपदाओं से प्रभावित किसानों एवं परिवारों को राज्य आपदा मोचक निधि के अंतर्गत राहत राशि के चेक वितरित किए गए। सांसद अनुराग शर्मा ने सदर विधायक रवि शर्मा की उपस्थिति में संबंधित अधिकारियों के साथ प्रभावितों को राहत राशि के चेक प्रदान किए।
इस अवसर पर सांसद अनुराग शर्मा ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं से किसानों और आमजन को होने वाली क्षति बेहद पीड़ादायक है। ऐसे कठिन समय में प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन सरकार आपदा की हर परिस्थिति में किसानों और प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।
उन्होंने कहा कि किसानों की आजीविका और परिवारों की आर्थिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए राहत एवं सहायता के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि पात्र लोगों तक शासन की योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए, ताकि किसी भी प्रभावित परिवार को सहायता प्राप्त करने में परेशानी न हो।
सांसद ने कहा कि संकट की घड़ी में प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द राहत पहुंचाना जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की जिम्मेदारी है। सरकार का प्रयास है कि आर्थिक सहायता के माध्यम से प्रभावित परिवारों को संबल मिले और वे पुनः सामान्य जीवन की ओर आगे बढ़ सकें। इस अवसर पर सदर विधायक रवि शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।