लंबे संघर्ष के बाद सहारनपुर से डंडोलीखेड़ा के लिए बस सेवा दोबारा शुरू
चिलकाना। लंबे समय से चली आ रही मांग और लगातार प्रयासों के बाद सहारनपुर से डंडोलीखेड़ा के लिए बस सेवा दोबारा शुरू हो गई है। इससे क्षेत्र के छात्र-छात्राओं, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और अन्य यात्रियों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। बस सेवा बंद होने के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। समाजवादी पार्टी के नेता फरहाद आलम गाडा लंबे समय से संबंधित अधिकारियों और परिवहन विभाग के समक्ष बस सेवा बहाल कराने की मांग उठा रहे थे। उन्होंने कहा कि बस सेवा शुरू होने से विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज आने-जाने में सुविधा मिलेगी और क्षेत्रवासियों की परेशानी कम होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि बस का संचालन नियमित रूप से जारी रहेगा और लोगों को इसका पूरा लाभ मिलेगा।