दधिकांदों मेले की तैयारियों का महापौर ने किया निरीक्षण सफाई, प्रकाश, पेयजल और जलभराव की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश

प्रातःकाल एक्सप्रेस
प्रयागराज। कीडगंज में 25 व 26 सितंबर को होने वाले दधिकांदों मेले की तैयारियों के मद्देनजर महापौर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी ने शंकरलाल भार्गव रोड और मेला क्षेत्र का पुनः निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मेले की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण में मेला मैदान में बारिश के कारण दलदल की स्थिति मिली। अवर अभियंता ने बताया कि पैचवर्क समेत आवश्यक कार्य रात तक पूरा कर मैदान की व्यवस्था दुरुस्त कर दी जाएगी। मेला कमेटी ने मार्गों की सफाई, मलबा हटाने, प्रकाश व्यवस्था, अस्थायी शौचालय और पेयजल टैंकर की व्यवस्था की मांग रखी।
महापौर ने अधिकारियों को मेले से पहले खुले नालों को चेंबर से ढकने, सफाई व मलबा निस्तारण, कीटनाशक छिड़काव, सीवर लीकेज व टूटे ढक्कन बदलने, चोक नालियों की सफाई, खराब लाइटें बदलने तथा पर्याप्त स्थायी-अस्थायी प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आवारा पशुओं को पकड़ने और पेयजल व शौचालय की व्यवस्था भी समय से पूरा करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।
इस खबर को शेयर करें