ट्रेनों में यात्री सामान चोरी करने वाले दो शातिर आरोपी गिरफ्तार आरपीएफ -जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई,

झांसी। ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत रेल सुरक्षा बल पोस्ट वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, आरपीएफ क्राइम विंग झांसी और जीआरपी झांसी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए ट्रेनों में यात्रियों के सामान चोरी करने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। टीम ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण सहित 1.34 लाख रुपये की नकदी बरामद की है। बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत 2 लाख 49 हजार 400 रुपये बताई गई है।
संयुक्त टीम ने दोनों आरोपियों को 20 सितंबर की रात करीब 9:45 बजे वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1/7 के पास टीन शेड की गुमटी के निकट से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके पास से दो लेडीज अंगूठियां, पीली धातु की एक नोज पिन, सफेद धातु की एक जोड़ी पायल और 1 लाख 34 हजार रुपये नकद बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपियों ने बरामद सामान को झांसी रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेनों में यात्रियों के सामान से चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार, बरामदगी के आधार पर जीआरपी झांसी में दर्ज चार चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है। आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इरशाद पुत्र मुस्ताक खान (30), निवासी मोहल्ला वोपारियन, अरोड़ा वाली गली, थाना सादाबाद, जिला हाथरस तथा इरशाद पुत्र हबीब (28), निवासी ईदगाह कॉलोनी, इस्लाम नगर, सादाबाद, थाना सादाबाद, जिला हाथरस के रूप में हुई है। गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई आरपीएफ पोस्ट वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, आरपीएफ क्राइम विंग झांसी और जीआरपी झांसी की संयुक्त टीम ने की।
इस खबर को शेयर करें