तीन सप्ताह तक जिंदगी से जूझने के बाद उज्ज्वल ने इलाज के दौरान लखनऊ में तोड़ा दम नेशनल हाईवे-19 पर जगतपुर गांव के सामने अज्ञात वाहन ने बाइक में मारी थी टक्कर, मौत के बाद परिवार में मचा कोहराम
औरैया। जनपद के अजीतमल कोतवाली अंतर्गत नेशनल हाईवे-19 पर जगतपुर गांव के सामने लगभग 22 दिन पूर्व सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल बाबरपुर निवासी बाइक सवार उज्ज्वल उर्फ बउआ की शुक्रवार को लखनऊ के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
पटेल नगर, बाबरपुर निवासी उज्ज्वल 23 सितंबर की मध्यरात्रि करीब 11:57 बजे बाइक से औरैया से इटावा की ओर जा रहे थे। जगतपुर गांव के सामने अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी थी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल पहुंचाया था। हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें बेहतर उपचार के लिए लखनऊ ले गए थे। वहां पिछले 22 दिनों से उनका इलाज चल रहा था। परिजन मनोज और अंकित के अनुसार, शुक्रवार को उपचार के दौरान उज्ज्वल ने दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम के बाद देर रात तक शव बाबरपुर स्थित घर पहुंचने के बाद शनिवार को अंतिम संस्कार किस गया है।