शिकायतों के बाद खीरी गौशाला पहुंचे अधिकारी, जांच में व्यवस्थाएं मानक के अनुरूप मिलीं भूसा, चूनी-चोकर और पानी की पर्याप्त व्यवस्था मिली, बीमार पशु अलग सेल में रखकर कराए जा रहे उपचार

प्रातःकाल एक्सप्रेस
फोटो 39
प्रयागराज। विकासखंड कोरांव के ग्राम पंचायत खीरी स्थित अस्थायी गौशाला में व्यवस्थाओं को लेकर सामने आई शिकायतों के बाद मंगलवार को अधिकारियों की टीम ने औचक निरीक्षण किया। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर किए गए निरीक्षण में गौशाला की व्यवस्थाएं मानक के अनुरूप पाई गईं। अधिकारियों ने मौके पर उपलब्ध व्यवस्थाओं और पशुओं के रखरखाव का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान गौशाला में गोवंश के लिए पर्याप्त मात्रा में भूसा, चूनी और चोकर उपलब्ध मिला। अधिकारियों के मुताबिक, पशुओं को नियमित रूप से पर्याप्त मात्रा में चारा दिया जा रहा है और आवश्यक सामग्री का पर्याप्त भंडारण भी किया गया है। पानी की व्यवस्था भी ठीक पाई गई। शिकायत में जिन पशुओं के बीमार होने की बात कही गई थी, उन्हें अलग बीमार पशु सेल में रखा गया था, जहां पशु चिकित्सक की देखरेख में उनका उपचार जारी मिला।
खंड विकास अधिकारी कोरांव राहुल मिश्रा ने बताया कि करीब दो दिन पूर्व गौशाला को लेकर खबरों और अन्य माध्यमों से शिकायतें सामने आई थीं। मामला जिलाधिकारी तक पहुंचने के बाद उनके निर्देश पर गौशाला की निगरानी और स्थलीय निरीक्षण कराया गया। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान भूसा, चूनी-चोकर समेत आवश्यक सामग्री पर्याप्त मात्रा में मिली। पानी की व्यवस्था भी ठीक पाई गई तथा बीमार पशुओं का उपचार कराया जा रहा है।
नायब तहसीलदार कोरांव रणविजय सिंह ने बताया कि उन्होंने बीडीओ के साथ गौशाला का औचक निरीक्षण किया। मौके पर पशुओं के रखरखाव की व्यवस्था ठीक मिली। गोवंश को पर्याप्त मात्रा में भूसा, चूनी और चोकर दिया जा रहा है तथा इन सामग्रियों का भंडारण भी पर्याप्त है। बीमार पशुओं को अलग सेल में रखकर उनका उपचार कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गौशाला में अब सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से जिले स्तर से निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान गौशाला की व्यवस्था पूर्व वर्षों की अपेक्षा बेहतर पाई गई।जांच के दौरान खंड विकास अधिकारी राहुल मिश्रा, नायब तहसीलदार रणविजय सिंह, एडीओ पंचायत विवेक मिश्रा, पशु चिकित्सालय खीरी के चिकित्सक डॉ. राजेश्वर सिंह बघेल, सचिव आशीष कुमार, ग्राम प्रशासक मोहम्मद यूसुफ और गोपालक लवकुश पटवा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
इस खबर को शेयर करें