शैक्षिक गुणवत्ता और विद्यालयों की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने पर जोर जर्जर भवनों के ध्वस्तीकरण, चहारदीवारी व निर्माण कार्यों में तेजी के निर्देश

भदोही। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी शैलेष कुमार की अध्यक्षता में जिला शिक्षा अनुश्रवण समिति की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में बेसिक शिक्षा विभाग की योजनाओं, विद्यालयों की आधारभूत सुविधाओं, ऑपरेशन कायाकल्प, निर्माण कार्य, शैक्षिक गुणवत्ता, विद्यालय निरीक्षण, पीएम पोषण योजना, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्रों और डीबीटी योजना समेत विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
ऑपरेशन कायाकल्प की समीक्षा के दौरान विद्यालयों में टाइलीकरण समेत कराए गए विभिन्न कार्यों पर जिलाधिकारी ने संतोष व्यक्त किया और अधिकारियों की सराहना की। उन्होंने शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने तथा विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आंगनबाड़ी केंद्रों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने चयनित केंद्रों को मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र के रूप में विकसित करने को कहा। उन्होंने बच्चों के अनुकूल, स्वच्छ, सुरक्षित और आकर्षक वातावरण के साथ आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
जर्जर एवं निष्प्रयोज्य भवनों के ध्वस्तीकरण की समीक्षा में उन्होंने अवशेष कार्य तत्काल पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे भवनों से किसी भी प्रकार की सुरक्षा संबंधी समस्या नहीं होनी चाहिए। विद्यालय परिसरों के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन विद्युत तारों को हटाने के कार्य की प्रगति पर संतोष जताते हुए शेष कार्य शीघ्र पूरा कराने और लगातार मॉनिटरिंग करने को कहा।
आंधी-तूफान से क्षतिग्रस्त एवं ध्वस्त निर्माण कार्यों की समीक्षा में जिलाधिकारी ने संबंधित खंड विकास अधिकारियों को तत्काल मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कराने के निर्देश दिए, ताकि विद्यालयों में पठन-पाठन प्रभावित न हो।
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की समीक्षा में छात्राओं को प्रतियोगिताओं और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में अधिक से अधिक प्रतिभाग कराने के निर्देश दिए गए।

डीबीटी योजना की समीक्षा में पात्र छात्र-छात्राओं को योजना का लाभ दिलाने के लिए लंबित फैमिली आईडी बनाने की कार्रवाई अभियान के रूप में चलाने को कहा गया। विकासखंडवार नियमित समीक्षा करते हुए तकनीकी एवं दस्तावेज संबंधी समस्याओं का तत्काल समाधान कराने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुरक्षित वातावरण और बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक, एसआरजी सदस्य, खंड विकास अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
इस खबर को शेयर करें